फोटो23एयूआरपी 17- कोतवाली में शिकायत लेकर मासूम बच्ची के साथ पहुंची पीड़िता
- फोटो : AURAIYA
औरैया। एसपी आवास से कुछ दूरी पर गुरुवार को बाइक सवार दो लुटेरों ने नलकूप विभाग में कार्यरत महिला लिपिक का रुपयों से भरा पर्स छीन लिया और भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर की नाकेबंदी कराई, लेकिन लुटेरे हत्थे नहीं चढ़े। पीड़ित ने सदर कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।
नलकूप विभाग औरैया में कनिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात उमा देवी पत्नी स्व.अरुण कुमार वर्मा निवासी इटावा ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि गुरुवार को वह उरई से आने के बाद जालौन चौराहे पर बस से उतरी। इसके बाद वह अपनी मासूम बेटी के साथ ऑटो से सैनिक कालोनी स्थित अपने नलकूप कार्यालय जाने के लिए एसपी आवास गेट के पास उतरी। इस बीच उसके हाथ में एक पर्स था, जिसमें 38 हजार चार सौ रुपये, मोबाइल, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड रखा था।
वह जैसे ही एसपी आवास के गेट के कुछ आगे पहुंची, सामने से आए बाइक सवार दो युवक उसके हाथ से पर्स छीन कर भाग गए। उसने दो दिन पहले ही डाकघर से एनएससी बनवाने के लिए 38 हजार चार सौ रुपये बैंक से निकाले थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर की नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की, लेकिन लुटेरे पुलिस के हाथ नहीं लगे। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।