रुरुगंज (औरैया)। मैनपुरी जिले के किशनी से गोद भराई का कार्यक्रम करके कार से लौट रहे एक ही परिवार के छह लोग कार के पेड़ से टकरा जाने से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से बिधूना सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने चार लोगों को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर दिया।
शहर के नरायनपुर निवासी प्रसपा नेता अनूप गुप्ता के भतीजे विमल की गोद भराई का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विमल के बुआ फूफा अपने बच्चों के साथ कार से किशनी गए थे। बुधवार की रात 10 बजे के करीब कार्यक्रम से लौटते समय रुरुगंज कस्बे के अछल्दा-बिधूना मार्ग पर स्थित जनता इंटर कालेज के मोड़ पर उनकी कार बेकाबू होकर एक पेड़ से जा टकराई।
इससे कार में सवार सत्तेश्वर औरैया निवासी श्याम बाबू गुप्ता (65), उनकी पत्नी विजय लक्ष्मी (62), परिवार के विनय कुमार की पत्नी श्वेता (34) और उनका बेटा कृष्णा (10) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रुरुगंज पुलिस व बिधूना पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को बिधूना सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से इन चारों को गंभीर हालत में सैफई के लिए रेफर कर दिया। जबकि कार में सवार विनय कुमार की बेटी वैष्णवी (15) और राशी (12) को मामूली चोटें आईं हैं।