दिबियापुर (औरैया)। बेला रोड पर घर के बाहर खड़ा लोडर रविवार की रात चोरी हो गया। चोरी गया लोडर नगर पंचायत दिबियापुर के पूर्व सभासद अजय पोरवाल के भतीजे शुभम का था। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बताया जा रहा है कि चोर ने मात्र तीन मिनट में वारदात को अंजाम दिया है।
शुभम पोरवाल पुत्र देवेंद्र कुमार निवासी वीजीएम डिग्री कालेज के सामने बेला रोड राणानगर ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि रविवार की शाम उन्होंने अपना लोडर घर के बाहर खड़ा किया था। सोमवार सुबह 5 बजे जब वह घर से बाहर निकले तो लोडर गायब था। आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। सीसीटीवी फुटेज में रात 2:19 बजे पीड़ित के घर के दरवाजे पर एक कार आकर रुकी। एक युवक ने लोडर का लॉक तोड़कर स्टार्ट किया और 2:22 बजे लेकर चला गया। थाने के दरोगा मूलेंद्र चौहान ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।