सहायल (औरैया)। गांव अरियारी में सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी सहार में भर्ती कराया गया। वहां उनकी नाजुक हालत देख डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। बाइक सवार हेलमेट लगाए थे।
सहायल थाना क्षेत्र के गांव दिनवामउ निवासी अनुज पुत्र अहबरन सोमवार को बेला से दिबियापुर की ओर बाइक से जा रहा था। कन्नौज के गांव नजलापुर निवासी अजीत पुत्र लालाराम बाइक से दिबियापुर से बेला की ओर जा रहा था। गांव अरियारी के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। दोनों बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी सहार में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने घायलों की नाजुक हालत देख प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया। सीएससी अधीक्षक डॉ. राकेश सचान ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। हालत गंभीर होने की वजह से कानपुर रेफर कर दिया गया है। उधर, मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक सवार युवक हेलमेट लगाए थे, जिससे दोनों की जान बच गई है।