सहायल (औरैया)। धान काट कर घर वापस आ रही युवती के साथ दबंगों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इससे युवती के सिर और नाक में चोटें आई हैं।
युवती के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है। इसमें कहा गया है कि उनकी भतीजी और पुत्री बुधवार देर शाम धान काटकर घर वापस आ रही थी। तभी उनके गांव के ही कुछ दबंगों ने छेड़छाड़ कर दी। युवती ने घर आकर परिजनों को पूरी बात बताई।
इस पर युवती के परिजन मुख्य आरोपी के घर पहुंचे। उसके घरवालों को पूरी बात बताते हुए शिकायत की। इस पर आरोपी और उसके परिजन गालियां बकने लगे। विरोध करने पर इन लोगों ने मारपीट कर दी। युवती पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इससे युवती के गंभीर चोटें आई।
शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर युवती को बचाया। इसके बाद युवती के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवती को सीएचसी सहार में भर्ती कराया। गंभीर हालत होने पर युवती को कानपुर भेज दिया गया।