दिबियापुर (औरैया)। ग्राम किशनपुर में रविवार की शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई है। एएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम किशनपुर निवासी बीनू उर्फ शशि (27) पत्नी आशीष बाबू की हालत रविवार की शाम अचानक बिगड़ गई। ससुरावाले ने उसे पहले दिबियापुर सीएचसी और बाद में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। वहां देर शाम महिला ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे मृतका के भाई ब्रजेश पुत्र सोबरन सिंह निवासी बराहार बिधूना ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी छह महीने पहले हुई थी।
ब्रजेश ने बहन की हत्या की आशंका जताई। इसके बाद यहां पहुंची दिबियापुर पुलिस ने तहकीकात की। एएसपी भी मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। सोमवार सुबह महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस संबंध में शशि के ससुराल वालों का कहना है कि शशि ने नवरात्र में उपवास रखा था। कुछ फल आदि खाने से अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के अनुसार मृतका के भाई ने फिलहाल मौत की जानकारी दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।