दिबियापुर (औरैया)। मंगलपुर-ककोर मार्ग पर नया का पुर्वा के पास लूट का शिकार हुए पीड़ितों ने लोडर चालक के साथ तीन अन्य के खिलाफ लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि जिस लोडर से वह लोग औरैया जा रहे थे, उस लोडर के चालक को मना करने के बावजूद उसने लुटेरों के कहने पर लोडर को रोक दिया था। पुलिस ने लोडर चालक और तीन अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है।
शनिवार को दोपहर कानपुर देहात के परचून व्यापारी परहुली थाना मंगलपुर निवासी अंकित चौबे पुत्र अशोक कुमार अपने साथी अशोक कुमार पुत्र तुलसीराम निवासी सिकैहिला मंगलपुर के साथ लोडर से औरैया बाजार से खरीदारी करने आ रहे थे। ग्राम नया का पुर्वा के पास लोडर को रोककर बाइक सवार तीन लुटेरों ने तमंचा सटाकर 48 हजार रुपये नगद एवं 18800 रुपये के इनामी कूपन लूट लिए थे।
अंकित चौबे द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार वह लोग लोडर से औरैया आ रहे थे। भाड़े पर लाए गए लोडर को मोहित पुत्र संतोष निवासी भूठा मंगलपुर चला रहा था। बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने नया का पुर्वा के पास लोडर को ओवरटेक करके रोकने का प्रयास किया। मना करने के बावजूद लोडर चालक ने बाइक सवारों को साइड देते हुए लोडर को रोक दिया। लोडर चालक एवं अन्य तीनों ने उनके पास से रुपये एवं कूपन लूट लिए। शनिवार की देर शाम एएसपी ने दिबियापुर थाने में पहुंचकर पीड़ित से पूछताछ की थी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।