औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के एक कस्बा निवासी एक बेटी ने अपनी मां के साथ बुधवार को एसपी के यहां पहुंचकर पिता से इज्जत बचाने की गुहार लगाई। एसपी ने मां-बेटी को जांच करवाकर सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
पुत्री अपनी मां के साथ एसपी सुनीति के पास ककोर मुख्यालय पहुंची। पीड़ित ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका पिता नशीले पदार्थों का आदि हो चुका है। नशे की हालत में उसका पिता रिश्तों को भूलकर छेड़छाड़ व बेशर्मी करने पर उतारू रहता है। नशे के चक्कर में उसके पिता ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। बताया कि वह व उसकी मां अपने पिता की हरकत की आए दिन शिकार रहती हैं। बताया कि यही नहीं उसका पिता उसके साथ दुष्कर्म करने की आए दिन धमकी देता रहता है।
इस मामले में एसपी ने बताया कि पीड़िता ने बताया कि उसके पिता ने सारी संपत्ति बेचकर नशे में बर्बाद कर दी। उसने बताया कि अब उसके पास केवल दो प्लाट बचे हैं, जिसमें से एक उसके व एक उसकी मां के नाम है। दोनों प्लाटों को लेकर उसका पिता दबाव बना रहा है। एसपी ने बताया कि संबंधित थाने की पुलिस को दोनों को बुलाकर मामले की जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।