बिधूना। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनुज की मौत फांसी से होने की पुष्टि हुई है। परिजनों की ओर से पूर्व विधायक समेत पांच के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उधर, शुक्रवार को उसराहार के चैडरुआ में पुलिस की मौजूदगी में अनुज का अंतिम संस्कार हुआ।
बिधूना थाने में 22 फरवरी को अनुज कुमार उर्फ पिंटू के खिलाफ एक युवती ने बहन के साथ दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 24 फरवरी को अनुज का शव वनखंडेश्वर मंदिर से कुछ दूरी पर पेड़ से लटका मिला था। मौके पर पहुंचे मृतक की बहन अर्चना ने दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखाने वाली युवती, उसकी बहन, भाई, मां व पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता एलएस के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से कस्बे में राजनीतिक माहौल गरमा गया था।
इधर, पुलिस ने आनन-फानन में भले ही हत्या की रिपोर्ट दर्ज की हो, लेकिन पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार था। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनुज की मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। यानी उसकी मौत फांसी से हुई है। उधर, राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती देख शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस सुरक्षा के बीच ऊसरहार के गांव चैडरूआ में पुलिस की मौजूगी में अंतिम संस्कार हुआ।
वहीं, पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता ने बताया कि उनके खिलाफ राजनीति के तहत साजिश करके मुकदमा दर्ज कराया गया है। जबकि 20 तारीख से वह बहार हैं। उनका इस घटना से कोई लेना देना नहीं है। सीओ बिधूना महेंद्र सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। दुष्कर्म के मामले में बयान कराने के लिए पीड़िता व उसकी बहन को बुलाया गया था। अभी किसी भी मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है।