औरैया। क्योंटरा गांव की सात वर्षीय बच्ची का एक वर्ष पहले कानपुर देहात के शिवरा के जंगल में शव मिला था। घटना के खुलासे को लेकर पुलिस फिर से जुट गई है। इस प्रकरण में पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लंबे समय बाद फिर से इस हत्याकांड के खुलासे की उम्मीद जगी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र में 13 और 14 नवंबर 2020 की रात क्योंटरा गांव निवासी गोपाल बाबू दोहरे की सात वर्षीय पुत्री आरुषि का कानपुर देहात के गांव शिवरा के जंगल में एक पानी भरे गड्ढे में शव मिला था। इस मामले का एक साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी।
इधर, मंगलवार को पुलिस व स्वॉट टीम में सरगर्मी दिखाई। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इससे अब जल्द घटना का खुलासा होने की उम्मीद जगी है। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रहीं हैं। जल्द खुलासा किया जाएगा।