फफूंद (औरैया) कस्बा स्थित एक विद्यालय से पढ़कर घर जा रही साइकिल सवार छात्रा को एक टैंकर ने टक्कर मार दी। घटना के बाद टैंकर छोड़कर भाग रहे चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। इधर, सैंफई में घायल छात्रा की मौत हो गई। फफूंद के हज्जी का पुरवा निवासी हमीद की बेटी महक (11) कस्बे के इंटर कालेज से पढ़ कर साइकिल से घर जा रही थी।
मोतीपुर मोहल्ले में थाने के सामने पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक टैंकर ने छात्रा को टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर पड़ी और टैंकर उसके पैरों पर चढ़ गया। जिससे वह घायल हो गई। चालक टैंकर छोड़कर भागने लगा तो लोगों ने उसे पकड़ लिया और टैंकर चालक की धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने छात्रा को अस्पताल पहुंचाया। जहां से छात्रा को सैंफई रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। (संवाद)