पाली। नगर पंचायत की ओर से सामुदायिक भवन के सुंदरीकरण, स्काई लिफ्ट की खरीदारी के प्रस्ताव पर सभासदों ने मुहर लगाई। सभासदों ने शीतलहर से बचाव के लिए 1,000 जरूरतमंदों को कंबल वितरण कराए जाने पर सहमति दी है। नगर पंचायत ने नवंबर माह में 1,37,84,582 रुपये की आमदनी की है जबकि 33,30,862 रुपये खर्च किए हैं।
सोमवार को नगर पंचायत की चेयरमैन रिजवान खां की अध्यक्षता में बैठक हुई। ईओ का कार्यभार देख रहे सवायजपुर एसडीएम मयंक कुंडू भी मौजूद रहे। वरिष्ठ लिपिक राकेश दीक्षित ने नवंबर माह का आय-व्यय का ब्यौरा पेश किया। बताया कि नवंबर माह में नगर पंचायत को 1,37,84,582 रुपये की आय हुई है जबकि 33,30,862 रुपये व्यय हुए। जलापूर्ति, मार्ग प्रकाश व्यवस्था की सामग्री, उपकरण आवश्यकतानुसार क्रय करने के प्रस्ताव पर सभासदों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।
सर्दियों में सभी 15 वार्डों में पांच-पांच स्थानों पर अलाव जलाने पर भी सहमति बनी। कंबल वितरण के प्रस्ताव पर सभासदों ने सर्वसम्मति से 1,000 कंबल खरीदारी और वितरण को मंजूरी दी। स्काई लिफ्ट क्रय किए जाने के प्रस्ताव पर भी बोर्ड बैठक में मोहर लगी। वहीं, मोहल्ला पटियानीम के सामुदायिक भवन के सुंदरीकरण कराए जाने पर भी सभासदों ने सहमति दी।
चेयरमैन ने कहा कि सभासदों के सहयोग से नगर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। बैठक में सभासद राजन शुक्ला, अभय त्रिवेदी, राकेश, दिलीप दीक्षित, अजीत गुप्ता, इस्लाम खां, रहनुमा बेगम, शबाब बेगम, रामदेवी, संगीता देवी के अलावा श्यामजी, सऊद, रेहान आदि मौजूद रहे।