औरैया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण करने के लिए शुक्रवार को मेगा टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 150 केंद्रों पर 11 हजार 13 लोगों का टीकाकरण किया गया। जिले में लगभग 60 फीसदी लोगों को पहली डोज लग चुकी है।
टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. देव नारायण ने बताया कि शुक्रवार को मेगा टीकाकरण अभियान के दौरान 150 केंद्रों पर टीकाकरण अभियान चला। इसमें 11 हजार 13 लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया। अब जिले में छह लाख 86 हजार 352 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। पांच लाख 70 हजार 903 लाभार्थियों ने पहली और एक लाख 15 हजार 449 लाभार्थियों को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जिले में 60 फीसदी लोगों को कोरोना की पहली डोज लग चुकी है। इस दौरान उन्होेंने केंद्रों का निरीक्षण कर टीमों को जरूरी निर्देश दिए।
उधर, टीकाकरण को लेकर अब लोगों में उत्साह कम देखने को मिल रहा है। इसके चलते टीकाकरण केंद्रों पर टीका लगवाने वाले कम संख्या में पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लाभार्थियों की भीड़ रही। दोपहर बाद सन्नाटा छाया रहा।