औरैया। हार्ट अटैक से सैफई में भर्ती हुई महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रिपोर्ट आने के कुछ ही देर बाद मौत हो गई। इधर, जिले में कोरोना संक्रमित 15 नए मरीज मिले हैं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य टीमों को निर्देशित किया है कि सैंपलिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि बुधवार को अजीतमल ब्लाक के कस्बा अनंतराम में 53 वर्षीय महिला को हार्ट अटैक हुआ था। महिला के परिजनों ने उसे सैफई अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी कोरोना संक्रमण की जांच की गई। गुरुवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। जिले के कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 39 हो गई है।
वहीं गुरुवार को जिले में 15 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 3092 जा पहुंची है। जिले में कोरोना बीमारी से 10 ने जंग जीती। जिले में अब कोरोना से जंग जीतने वालों की संख्या 2843 हो गई है। गुरुवार को आरटीपीसीआर के 911,ट्रू-नॉट का एक और एंटीजन के 603 सैंपल लिए गए हैं। एल-टू कोविड केयर सेंटर 100 शय्या चिचौली अस्पताल में 12 और होम आइसोलेशन में 181 मरीजों को रखा गया है। सैफई लैब से अब 2344 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है।
शहर के मोहल्ला नरायनपुर में एक, सदर ब्लाक के गांव मिहोली में एक, 100 शय्या जिला चिकित्सालय में एक, भाग्यनगर ब्लाक क्षेत्र के गेल गांव दिबियापुर में एक, लोहिया नगर में एक, होमगंज फफूंद में एक, सीएमओ आफिस में एक, अजीतमल ब्लाक क्षेत्र के कस्बा बाबरपुर में एक, मुहल्ला शास्त्री नगर में दो, अनंतराम में एक, बिधूना ब्लाक क्षेत्र के कस्बा बिधूना में एक, गांव सूरजपुर में एक, अछल्दा ब्लाक क्षेत्र के गांव नगला परसादी में एक संक्रमित मरीज मिला है। इसके साथ ही एक और संक्रमित मरीज मिला है। जिसका पता स्पष्ट नहीं हो सका है।