औरैया। जिले में कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा है। सोमवार को जिले में 60 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इसमें बिधूना मुंसिफ कोर्ट के तीन कर्मचारी, अजीतमल नगर पंचायत का एक कर्मचारी, बिधूना सीएचसी का एक स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल है। वहीं, 36 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिले में अभी तक 1996 संक्रमित सामने आ चुके हैं। 1636 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। 19 लोगों की मौत हो चुकी है। अब एक्टिव केस 341 है। उधर, फफूंद के गांव केशमपुर में रविवार की शाम एंटीजन टेस्ट में दो किशोरियों सहित चार नए संक्रमित मरीज मिले। इसके बाद गली को सील कर गांव को सैनिटाइज कराया गया।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 1049 सैंपल लिए, जिसमें आरटीपीसीआर के 519 और एंटीजन के 530 सैंपल शामिल हैं। जिले में अभी तक आरटीपीसीआर के कुल 38897 सैंपल लिए गए हैं। अभी तक 36277 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव रही है। इसके साथ ही ट्र-नेट के कुल 1764 सैंपल लिए गए हैं। वहीं, एंटीजन के कुल 30421 सैंपल लिए जा चुके हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि एल-वन कोविड केयर सेंटर दिबियापुर में 15, एल-वन एडिशनल कोविड केयर सेंटर पीबीआरपी एकेडमी दिबियापुर में 14 और एल-टू कोविड केयर सेंटर 100 शय्या युक्त जिला चिकित्सालय चिचौली में कुल एक संक्रमित मरीज भर्ती है। बताया कि जिले भर में होम आइसोलेशन में रहने वाले संक्रमित मरीजों की संख्या 281 हो गई है।
उधर, सोमवार को जिले में पांच नए हॉटस्पॉट क्षेत्र बनाए गए। जिले में अब कुल एक्टिव केस 108 हो गए हैं। बता दें कि जिले में अब तक कुल 426 हॉटस्पॉट क्षेत्र बनाए जा चुके हैं।