औरैया। सोमवार को जिले में 19 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें जिला मुख्यालय ककोर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय का एक बाबू, दिबियापुर स्थित एचडीएफसी बैंक के दो कर्मचारी और एक पुलिस कर्मी शामिल हैं। वहीं, इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद जांच कराने पर उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला की मौत को पोर्टल पर दर्शाया गया है। इस तरह कोरोना से अब तक जिले दस लोगों की जान जा चुकी है। अभी तक 1154 संक्रमित सामने आए हैं। 923 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। एक्टिव केस 221 हैं।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि सोमवार को जिले में 19 नए पॉजिटिव केस आए हैं। पहले से संक्रमित 44 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जालौन चौराहे के पास अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हुई। उसकी कोरोना की जांच कराई गई थी, जिसमें पॉजिटिव पाया गया था। इस महिला की मौत को पोर्टल पर दर्शाया गया है। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या इस महिला को मिलाकर अब 10 हो गई है। बताया कि संक्रमित आए मरीजों के परिजनों और संपर्कियों के सैंपल के निर्देश स्वास्थ्य टीमों को दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में आज कुल 1374 सैंपल लिए गए। जिसमें आरटीपीसीआर के 386, ट्रूनाट के 22 और एंटीजन के 966 सैंपल शामिल हैं। जिले में अब तक आरटीपीसीआर के कुल 29189 सैंपल लिए गए। जिसमें 25229 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव रही है। अब आगरा लैब से 3210 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। बताया कि जिले में अब तक ट्रू नाट के 1537 और एंटीजन के 18435 सैंपल लिए गए हैं। वहीं, सोमवार को जिले में दो नए हाटस्पाट क्षेत्र बनाए गए। जब दो क्षेत्र हॉटस्पॉट से बाहर आए हैं। जिले में अब कुल हॉटस्पॉट एक्टिव क्षेत्र 92 हैं। जबकि अब तक जिले में कुल 269 हॉटस्पॉट क्षेत्र बनाए जा चुके हैं।