औरैया। जिले में तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। यह तीनों अहमदाबाद से ट्रेन व बस से औरैया लाए गए थे। अहमदाबाद से 30 लोग आए थे, जिसमें 13 लोगों को बुखार था। डीएम ने इनके जांच सैंपल शनिवार को भेजे थे। इसमें तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह तीनों एरवाकटरा ब्लॉक के मुकुटपुर गांव के रहने वाले हैं। अब औरैया में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 19 पहुंच गई है, जिसमें 13 ठीक हो चुके हैं। इस तरह जिले में कनफर्म केस छह बचे हैं।
डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि अहमदाबाद से 33 मजदूरों का जत्था रोडवेज बस से औरैया लाया गया था। इसमें से 30 लोगों के शरीर का तापमान अधिक होने के चलते इन्हें अलग रखा गया था। इनमें 18 अन्य को मिलाकर कुल 48 सैंपल की जांच रिपोर्ट शनिवार को लखनऊ भेजी गई थी। रविवार को दोपहर तक 45 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। तीन की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। यह तीनों पॉजिटिव मरीज एरवाकटरा ब्लॉक के मुकुटपुर गांव के रहने वाले हैं। इन पॉजिटिव मरीजों के साथ आए 11 परिवार के लोगों की रिपोर्ट सामान्य थी। इसलिए उन्हें शुक्रवार को गांव मुकुटपुर भेज दिया गया था।
डीएम ने बताया कि जिले में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या यह तीन नए केस मिलाकर 19 पहुंच गई है। इनमें 13 मरीज ठीक हो चुके हैं। तीन मरीज तिर्वा कन्नौज में भर्ती है। अब यह तीन और नए मरीज तिर्वा कन्नौज में भेजे जा रहे है। इस तरह से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या अब छह पहुंच गई है।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि जिले में छह हॉटस्पॉट क्षेत्र हैं। इनमें खानपुर कस्बा, दयालपुर मोहल्ला, तहसील वाली मसजिद, हालेपुर गांव, दिबियापुर का कृष्णा नगर कालोनी इलाका, एरवाकटरा ब्लॉक का रम्पुरा गांव है।