ककोर (औरैया)। जिला मुख्यालय के आसपास ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को रोस्टर के अनुसार बिजली नहीं मिल रही है। इधर पिछले 24 घंटे में महज सात से आठ घंटे ही बिजली मिलने से उपभोक्ताओं को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार की शाम से ही मुख्यालय के आस-पास के 100 से अधिक गांवों के उपभोक्ताओं को कटौती से जूझना पड़ा। इससे लोगों को भीषण गर्मी के कारण पूरे दिन पसीने से तर रहने को मजबूर होना पड़ा। स्थानीय उपभोक्ताओं की मानें तो उन्हें पिछले दो महीने से जहां भीषण गर्मी से जूझना पड़ रहा है। वहीं बिजली कटौती ने मुश्किलें और बढ़ा दी है। आए दिन हो रहे फाल्ट से विभागीय अधिकारियों के प्रति लोगों में गुस्सा भड़कने लगा है।
ग्रामीण उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारी मुख्यमंत्री के आदेशों को दरकिनार कर मनमानी अपनाए हुए है। कटौती के कारण भीषण गर्मी से जीना दुश्वार हो रहा है। जैसे-जैसे गर्मी अपना रूप दिखाती जा रही है वैसे ही बिजली की समस्या भी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को जौरा फीडर, कंचौसी फीडर, दौलतपुर फीडर में करीब एक सैकड़ा से अधिक गांव मखनपुर, दखलीपुर, इटाहा, नौली, लालपुर, जौरा, दौलतपुर, चिचौली, ऊमरसाना, सोधेमऊ, चपोली, नया पूर्वा, आजादपुर आदि गांव आते हैं। जो इस वक्त बिजली विभाग की लापरवाही के कारण भीषण गर्मी में पसीना बहाने को मजबूर है।
-
वर्जन
तेज हवा के चलते सप्लाई नहीं चल पाई है। बार-बार लाइन फाल्ट हो जाने के कारण फीडर बंद करने पड़ रहे थे। मौसम साफ होते ही सप्लाई सुचारू रूप से चालू हो जाएगी।
- विवेक खरे, जेई