औरैया। सहार ब्लॉक क्षेत्र के सबलपुर में रजवाह की पांच साल से टूटी पुलिया का निर्माण सिंचाई विभाग के ठेकेदारों के द्वारा शुरू कराया है। लगातार क्षेत्रीय लोगों के द्वारा की जा रही मांग अब जाकर पूरी हुई है।
शिवगंज से पूर्वा नथा रास्ते के बीच सबलपुर गांव में पुलिया पर एक तरफ करीब 30 फिट सुरक्षा दीवार पांच साल पहले टूट गई थी। पुलिया के इस खतरे के साथ यहां से रात-दिन सैकड़ों की संख्या में वाहन निकलते हैं। इस पुलिया से रसूलाबाद, याक़ूबपूर, सहायल, पूर्वा नथा, सबलपुर, पूर्वा समई सहित अन्य जगह के लिए जाने वाले वाहनों की संख्या अच्छी खासी है।
भारी वाहनों में पिकअप, ट्रैक्टर के अलावा मुसाफिरों से ऑटो व स्कूली बसें भी आती-जाती हैं। करीब 30 फीट तक पुलिया की सुरक्षा दीवार टूटी होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। अमर उजाला के 21 अक्तूबर के अंक में पुलिया की टूटी रेलिंग को लेकर प्रमुखता से क्षेत्रीय लोगों की समस्या को प्रकाशित किया गया। जिसका संज्ञान सिंचाई विभाग के अधिकारियों के द्वारा लिया गया है। गुरुवार को यहां सिंचाई विभाग के ठेकेदार पहुंचे। जहां पुलिया की रेलिंग बनाने का काम शुरू किया।
-
सबलपुर में रजवाह की टूटी पुलिया का निर्माण शुरू करा दिया गया है। ईंट की पक्की रेलिंग बन जाने के बाद हादसे का खतरा नहीं रहेगा। - गजेंद्र सिंह, जेई, सिंचाई विभाग