औरैया। अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी एवं एडीजी कानपुर जोन कानपुर भानु भास्कर ने मिहौली स्थित निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का शनिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने यूपीडा व एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक कर मिलीं खामियों को 10 जुलाई तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए। एसीएस ने बताया कि एक्सप्रेसवे बनने से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के लोगों को काफी सहूलियतें हो जाएंगी। अगले माह इसके शुरू होने की संभावना है।
यूपीडा और एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि अब तक जोन-5 का 98 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष बचा दो प्रतिशत काम 10 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में एसीएस ने अधिकारियों को बताया कि जुलाई में प्रधानमंत्री एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। 29 फरवरी 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शिलान्यास किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड को विकास के पथ पर लाने के लिए इस प्रोजेक्ट को शुरू किया था। एक्सप्रेसवे के बनने से मध्य प्रदेश के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। दिल्ली जाने के लिए रास्ता सुगम होगा।
इस दौरान जिलाधिकारी पीसी श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, यूपीडा जीएम आरएम गुप्ता, प्रोजेक्ट डायरेक्टर गौरव भारद्वाज, राइड्स टीम लीडर विकास नारायण सिंह, कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर अवधेश बाबू कटियार, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर आकाश सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनजर अपर पुलिस अधीक्षक शिष्य पाल, सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ यादव, सीओ फायर प्रतीक श्रीवास्तव, सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
बच्चों को बांटीं चॉकलेट, श्रमिकों का जाना हाल
सदर विकास खंड के गांव मिहौली स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पहुंचे अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने सबसे पहले वहां मौजूद ग्रामीणों व एक्सप्रेसवे में काम करने वाले श्रमिकों से मुलाकात की। फिर उन्होंने श्रमिकों से उनका हाल जाना। इसके बाद उन्होंने मजदूरों के बच्चों को चॉकलेट, कोल्ड ड्रिंक देकर उनसे बात की। ग्रामीणों से समस्याएं भी पूछीं। तब मजदूरों ने कोई समस्या न होने की बात कही।
मौके पर मौजूद श्रमिकों से बातचीत करते व बच्चों को चाकलेट, ठंडा वितरित करते अपर मुख्य सचिव अवनीश अ?- फोटो : AURAIYA