संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। नगर के फफूंद चौराहे पर आबकारी विभाग के डीसीएम और एंबुलेंस में भिड़ंत हो गई। हालांकि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि किसी पक्ष ने थाना पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
गुरुवार की दोपहर लगभग एक बजे फफूंद की ओर से एक एंबुलेंस आ रही थी। जबकि दूसरे रास्ते से आबकारी विभाग की एक डीसीएम आ रही थी। फफूंद चौराहे पर दोनों आपस में टकरा गईं। हो हल्ला सुनकर थाना पुलिस के दरोगा प्रदीप अवस्थी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचे। दोनों वाहनों में कोई भी व्यक्ति हताहत न होने पर थाना पुलिस ने राहत की सांस ली। बताते हैं कि दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो जाने के कारण थाने में कोई तहरीर नहीं दी है। इस संबंध में दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू का कहना है कि किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।
अनियंत्रित होकर बंबे में गिरा ट्रैक्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। कानपुर देहात जिले के गांव पिलक निवासी लोग नए ट्रैक्टर के पूजन के लिए जमौली गांव स्थित ब्रह्मदेव मंदिर पहुंचे। पूजन के बाद वापस जाते समय अनियंत्रित होकर नया ट्रैक्टर सड़क किनारे बंबे में जा गिरा। इससे दो भाई घायल हो गए। एक भाई को गंभीर अवस्था में कानपुर रेफर कर दिया गया है।
गुरुवार को कानपुर देहात जिले जिले में मंगलपुर थाना क्षेत्र के गांव पिलक निवासी मंजुल मिश्रा ने बुधवार नया ट्रैक्टर खरीदा था। वह अपने छोटे भाई प्रांजुल मिश्रा, बहन तान्या एवं एक अन्य महिला के साथ कंचौसी के समीप गांव जमौली स्थित ब्रह्मदेव मंदिर में पूजन कराने के लिए पहुंचे थे। पूजन के बाद जब वह ट्रैक्टर लेकर वापस जा रहे थे। तभी बैक करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पास में बंबे में गिर गया। इससे मंजुल और प्रांजुल घायल हो गए। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से मंजुल को कानपुर रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू ने बताया कि घायलों को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।