बिधूना (औरैया)। अजीतमल तहसील के हालेपुर गांव में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद जिले के अधिकारी भी अलर्ट हैं। शनिवार को सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने एक ट्रैक्टर की स्टेयरिंग खुद संभाल ली और नगर क्षेत्र के सभी 15 वार्डों में जाकर मोहल्लों को सैनिटाइज कराने का काम किया। उनकी यह कार्यशैली शनिवार को खासी चर्चा का विषय बनी रही। इस दौरान उन्होंने वार्ड के लोगों से उनकी समस्याएं भी पूछीं।
बिधूना में तैनात सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने नगर पंचायत का ट्रैक्टर लेकर खुद चलाते हुए नगर क्षेत्र के 15 वार्डों का भ्रमण किया। साथ ही प्रत्येक वार्ड को सैनिटाइज भी कराया। ट्रैक्टर से आगे-आगे सीओ और पीछे-पीछे नगर पंचायत के कर्मी और पुलिस चल रही थी। इस दौरान सीओ मुकेश प्रताप सिंह ने लोगों के साथ बातचीत भी की। कहा कि अगर कोई समस्या है तो वह उनके सीयूजी नंबर व कंट्रोल रूम नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने बिधूना की जनता से लॉकडाउन का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील की।