औरैया। शहर में जल संरक्षण व सुंदर परिवेश को धरातल पर उकेरने के लिए सत्ती तालाब को साफ कराने की कवायद एक माह पहले शुरू की गई। अब दो दिनों से जारी बारिश के बाद यह कार्य काफी हद तक थम गया है। एक बार फिर से सत्ती तालाब में पानी भर गया है। ऐसे में बारिश के दौरान सफाई का काम लगभग बंद रहेगा।
शहर के मध्य में स्थित सत्ती तालाब में सालों पहले पूजा पाठ की जाती थी। तालाब से सटे मंदिर सत्तेश्वर में लोग तालाब के जल से भगवान शिव का अभिषेक करते थे। साल दर साल तालाब से हटी निगाहों ने इसे गंदगी का पर्याय बना दिया। आलम यह हो गया कि सत्ती तालाब गंदगी से पट गया। घरों की गंदगी से लेकर कूड़े के ढेर तालाब में डाले जाने।
पिछले दिनों नगर पालिका परिषद की ओर से इसका संज्ञान लेते हुए सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव बनाया गया। शासन स्तर से चयन के बाद तालाब के सौंदर्यीकरण को लेकर सी एंड डीएस को जिम्मेदारी सौंपी गई। दो दिन से शुरू हुई बारिश के बाद यह काम काफी हद तक थम गया है। तालाब एक बार फिर से लबालब भर गया है। यहां मशीनों से कूड़ा निकालना बारिश के दिनों में चुनौतीपूर्ण होगा। ऐसे में बारिश का सीजन खत्म होने के बाद सत्ती तालाब की सफाई शुरू हो सकेगी। इस बारिश भी सत्ती तालाब में जल संचयन व सौंदर्यीकरण की कवायद पूरी होती नहीं दिख रही है।
बोले जिम्मेदार -
सौंदर्यीकरण को लेकर सत्ती तालाब की सफाई का काम कराया जा रहा था। इसी बीच बारिश शुरू हो जाने से तालाब फिर से भर गया है। इसके चलते पानी सूखने का इंतजार किया जाएगा।
-अंकित, जेई सी एंड डीएस