औरैया। लॉकडाउन के बाद खुले बाजारों में भीड़ उमड़ने लगी है। वहीं दिवाली त्योहार को लेकर बाजार भी पूरी तरह सज चुके है। कपड़ा व्यापारियों के मुताबिक इस बार दिवाली पर कपड़े का कारोबार जिले में 50 करोड़ के आसपास रहने की उम्मीद है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए दुकानदारों ने कपड़ों का स्टाक करना शुरू कर दिया है। दुकानदार बताते हैं कि बदलते फैशन के दौर में टीवी सीरियल के कलाकारों के पहने हुए डिजाइन के कपड़ों की मांग भी बढ़ी है।
लॉकडाउन के बाद खुले बाजारों में सबसे तेजी से कपड़ा कारोबार गति पकड़ रहा है। व्यापारी कपड़े के कारोबार में अच्छा मुनाफा होने के साथ ही कारोबार अच्छा होने की उम्मीद जता रहे हैं।
शहर में लेडीज मार्केट, सदर बाजार, गुमटी मोहल्ला, ब्लाक गेट, जेसीज चौराहा, फूलमती मंदिर के पीछे मार्केट आदि कई स्थानों पर कपड़ों की दुकानें पर फैंसी कपड़े शोरूम में सज गए हैं। कपड़े के शोरूम में चमक दिनों दिन बढ़ती जा रही है। व्यापारी सौरभ विश्नोई ने बताया कि विदेशी कपड़ा न आने के कारण खादी, हैंडलूम, सूती कपड़े को बाजार में उतारा गया है।
आने वाले त्योहार और शादियों को देखते हुए भारी लहंगा, चोली, बनारसी लहंगा, आठ कली घेरदार लहंगा पसंद किया जा रहा है। क्रेप साड़ियां, ट्रांसफर वर्क साड़ी, एप्लीक वर्क की मांग युवतियों में अधिक है। शरारा, अनारकली सूट और काउल ड्रेस व शर्ट की मांग भी बढ़ी है।
लौट रहा देसी फैशन
कपड़ा विक्रेता गौरव बरसइयां ने बताया कि पुराना फैशन फिर से लौट रहा है। लोग पुराने फैंसी कपड़ों की डिमांड कर रहे है। जिसको देखते हुए बाजारों में कपड़े उपलब्ध हैं। ग्राहकों की मांग को देखते हुए इन कपड़ों को स्टाक है। इस बार खास बात यह यह देखने को मिल रही है। विशेष रुप से युवतियों और महिलाओं के बाजार में उपलब्ध फैंसी ड्रेसों के साथ उसके मैचिंग के मास्क भी दिए जा रहे है।