औरैया। शनिवार की सुबह मानसून की दूसरी झमाझम बारिश देखने को मिली। लगभग तीन घंटे तक हुई 10 एमएम बारिश हुई। घरों में तीन से चार फीट तक पानी भरा। बाजारों में दुकानों और गोदामों में पानी भर गया। इससे व्यापारियों ने प्रदर्शन किया इसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उन्हें किसी तरह शांत किया।
शनिवार तड़के सुबह साढ़े पांच बजे से झमाझम बारिश होने लगी। लगभग साढ़े आठ बजे तक हुई बारिश के चलते लोग घरों में कैद रहे। इधर बारिश से शहर की अधिकांश बस्तियां जलमग्न हो गईं। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आज 10.2 एमएम बारिश देखने को मिली है। इस बारिश ने पूरे शहरवासियों को हिलाकर रख दिया। शहर की नई व पुरानी बस्तियों में सड़कों का पानी घरों के अंदर जा पहुंचा।
बनारसीदास, नरायनपुर, पढ़ीन दरवाजा, सतेश्वर, सतेश्वर तकिया, महावीरगंज मोहल्ले में घरों में पानी पहुंचने से लोगों को नुकसान हुआ। जिला जजी के सामने बस्तियों में रहने वालों ने बताया कि सोते समय सुबह जब पानी उनके पलंग के बराबर आ गया। पानी निकालने का प्रयास किया, लेकिन सड़क का पानी घरों में आने से लगभग चार फीट तक पानी भरा। यह स्थिति यहां के लगभग 12 से अधिक मकानों में रही।
सुबह होते ही पानी निकासी के लिए पालिकाधिकारियों से बात की, लेकिन सुनवाई न होने पर अपने प्रयासों से बस्ती में भरा पानी निकाला। इधर गौशाला रोड, किराना बाजार, फूलमती मंदिर मार्केट, दिबियापुर रोड, जेसीज चौराहा के निकट दुकानों और गोदामों में पानी भरा। इससे दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। दुकानदारों ने इसकी जानकारी पालिकाधिकारियों को दी, लेकिन सुबह 11 बजे तक सुनवाई न होने पर व्यापारी नेताओं को दी।
दिबियापुर रोड पर व्यापारी नेता राजेश बाजपेयी के नेतृत्व दर्जनों व्यापारी सड़क पर ही धरना प्रदर्शन करने लगे। व्यापारियों के उग्र होने की जानकारी पर एसडीएम राकेश कुमार, सीओ सिटी, तहसीलदार, नगर पालिका ईओ रामआसरे कमल मौके पर पहुंचे और किसी तरह व्यापारियों को समझाकर प्रदर्शन समाप्त कराया। व्यापारी नेताओं ने कहा कि नालों व नालियों की साफ-सफाई नहीं की गई। लाखों रुपये अधिकारियों और ठेकेदार ने बर्बाद कर दिए।
यही कारण है कि उफनाए नालों का पानी दुकानों और गोदामों में जा पहुंचा। इससे दुकानदारों लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। व्यापारी नेताओं ने पालिका ईओं को उफनाते नाले व उनमें भरी गंदगी भी दिखाते हुए विरोध जताया। साथ ही शहीद पार्क में लगभग चार फीट से अधिक भरे पानी में ले जाकर स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद से पालिका कर्मचारियों ने पंप लगाकर पानी निकालने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान बदनपुर, तिलक नगर मोहल्ले के लोगों ने भी ईओ को घर में पानी भरने की जानकारी देते हुए सड़क पर भरा पानी निकालने की मांग की।