अटसू/अजीतमल (औरैया)। अमिलिया हाथी राजन गांव में एक व्यापारी के घर मंगलवार रात चोरी हुई। मुख्य दरवाजे से न घुस पाने पर चोर खिड़की की सरिया काटने के बाद शीशा तोड़कर कमरे में दाखिल हुए। इसके बाद नकदी, जेवर समेत पांच लाख रुपये का माल समेट ले गए।
गांव निवासी अरुण सिंह का गांव में तेल व आटा चक्की का काम है। अरुण ने बताया कि पत्नी संजू, दो बेटी व एक बेटे के साथ कन्नौज जनपद में अपने मायके में है। मंगलवार रात वह कारखाना में सो गए थे। सुबह चोरी होने का पता चला। मंगलवार देर रात
चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। इसके बाद चोरों ने खिड़की में लगी सरिया काटी, उसे टेढ़ा किया और शीशा तोड़कर कमरे में दाखिल हो गए। चोरों ने पूरा घर खंगाला। अलमारी व बेड के बक्से में रखे करीब एक लाख
दस हजार रुपये, सोने के हार का सेट, सोने की चूड़ी, छह अंगूठी, एक किलो चांदी का सामान समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान चुरा ले गए। अरुण ने बताया कि बुधवार सुबह जब वह घर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस पहुंची और छानबीन की। कोतवाली प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि सुराग तलाशने की कोशिश की जा रही है।