कस्बे में चोरी का इलेक्ट्रानिक सामान बेचने की सूचना पर पुलिस ने दो दुकानों में छापेमारी की। जांच में सभी इलेक्ट्रानिक आइटम ब्रांडेंड कंपनियों के डिब्बों में मिले, जबकि सामान चाइना का था। इस पर पुलिस ने दुकानदारों को सामान के कागजात उपलब्ध कराने को कहा है।
छापेमारी में एलईडी टीवी, पंखे, प्रेस के साथ अन्य इलेक्ट्रानिक आइटम बरामद किए। पुलिस ने दुकानदारों से पूछताछ की तो पता चला कि सभी आइटम खरीद कर लाए गए हैं। इस पर पुलिस ने गहनता से छानबीन की तो एलईडी टीवी पर सोनी लिखा था जबकि अंदर सारे उपकरण चाइना के थे। कोतवाली पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर चाइना के आइटम की बिक्री क्यों की जा रही है। इस पर दुकानदारों ने डिस्ट्रीब्यूटर के यहां से ऐसे ही माल आने की बात कही।
पुलिस ने दुकानदारों को खरीद के कागजात लाने को कहा। जिससे संबधित डिस्ट्रीब्यूर्स से पूछताछ की जा सके। कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। कागजात देखने के बाद व डिस्ट्रीब्यूर्स से बात करके ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।