अजीतमल। अन्ना गोवंश सड़कों पर उत्पात मचा रहे हैं। साथ ही कस्बे के बाहर स्थित खेतों में फसल चौपट कर रहे हैं। इन गोवंशों को पकड़कर गोशालाओं में पहुंचाने की मांग के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में रोष बढ़ रहा है।
अजीतमल-फफूंद मार्ग पर आए दिन अन्ना गोवंश आपस में लड़ते दिखाई देते हैं तो बाजार में किसी न किसी राहगीर को अपनी चपेट में ले लेते हैं। इसके अलावा अजीतमल-औरैया मार्ग, बाबरपुर चौराहा, अजीतमल चौराहा व बाबरपुर -फफूंद मार्ग पर जगह-जगह गोवंशों का जमावड़ा लगा रहता है। रात होते ही यह गोवंश किसानों की फसल चट करने निकलते हैं। इससे परेशान किसान रातभर खेतों पर अपनी फसलों की रखवाली करता है।
कस्बेवासियों व किसानों का कहना है कि सरकार इन अन्ना गोवंशों के संरक्षण पर पर बहुत धन खर्च कर रही है, लेकिन नगर पंचायत में गोवंशों को पकड़ने के लिए कोई अभियान नहीं चलाया जा रहा है।
इस संबंध में एसडीएम निखिल राजपूत ने बताया कि शीघ्र ही अभियान चलाकर आवारा गोवंशों को पकड़ने का कार्य किया जाएगा। उनको स्थान निश्चित कर संरक्षित किया जाएगा।