एरवाकटरा। क्षेत्र में 33 केवीए लाइन में बार-बार हो रहे फॉल्ट से आपूर्ति ठप होने से लोग परेशान हो रहे हैं। 15 दिनों में तीसरी बार मंगलवार सुबह लाइन में खराबी आने से 150 से अधिक गांवों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। दिनभर आपूर्ति न मिलने से लोगों के मोबाइल तक चार्ज नहीं हो सके।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई बिजली कटौती के बाद करीब 10:30 बजे सप्लाई बहाल हुई, लेकिन कुछ ही देर में 33 केवीए लाइन में फॉल्ट हो गया। यह खराबी शाम करीब पांच बजे तक भी ठीक नहीं हो सकी। इससे दिनभर बिजली संकट बना रहा। इससे उपकेंद्र से जुड़े उमरैन, एरवाकटरा, समायन, गाजीपुर और दोबामाफी फीडरों के अंतर्गत आने वाले सुरेंधा, समायन, फैजुल्लापुर, सराय कच्छवाह और हरचंदापुर कबा में बिजली गुल रही।
इसके साथ ही उमरैन, बंधा, कुचैला, सिलवट, रमपुरा, ईश्वरपुर, एरवा कुईली, एरवा टीकुर, गाजीपुर, हरनागरपुर व जयसिंहपुर कनक समेत लगभग 150 गांवों के लोग प्रभावित रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार फॉल्ट आने से न केवल घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है, बल्कि पेयजल संकट और किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी बाधित हो रही है।
वहीं, इस संबंध में एसडीओ बिधूना सतेंद्र कुमार ने बताया कि रोस्टिंग के बाद 33 केवीए लाइन में फॉल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई है। लाइन लंबी होने के साथ खेतों के बीच से गुजरती है, इस कारण फॉल्ट ढूंढने में समय लग रहा है। पेट्रोलिंग कराई जा रही है और जल्द ही सप्लाई सुचारू करने के प्रयास जारी हैं।