औरैया। सदर कोतवाली के गांव राहतपुर में बुधवार की शाम युवक का अपहरण करने के दौरान फायरिंग की गई। इसमें गंभीर रूप से घायल युवक का कानपुर अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल के पिता की तहरीर पर हमला करने वाले माड़ा गैंग के पांच सदस्यों व कुछ अज्ञात पर मामला दर्ज किया। इसमें एक अभियुक्त की पुलिस ने गिरफ्तारी कर ली है।
गांव क्योंटरा निवासी सुधीर मिश्रा पुत्र राधेश्याम मिश्रा ने रिपोट दर्ज कराई। जिसमें बताया कि पुत्र आयुष मिश्रा 25 सितंबर की शाम लगभग पांच बजे अपने चाचा के घर राहतपुर जा रहा था। रास्ते में राजदीप ठाकुर निवासी पातेपुर, अंकित ठाकुर उर्फ गुंडे निवासी भरसेन, अनिकेत ठाकुर निवासी सिखरना अयाना, कुंज किशोर निवासी खानपुर, वीरू ठाकुर निवासी पल्लापुर कानपुर देहात व कुछ अज्ञात लोग जो माड़ा गैंग चलाते हैं।
उन्होंने आयुष मिश्रा को रोककर अवैध असलहा लगाकर अपहरण कर ले जा रहे थे। तभी आगे चलकर आयुष की चीख पुकार सुनकर कुछ लोग दौड़े। जिन्होंने देखा कि यह लोग आयुष का अपहरण कर भरसेन की तरफ ले जा रहे थे। तभी कुछ लोग आयुष को छुड़ाने के लिए भागे। तभी आयुष की जेब में पड़े लगभग 1300 रुपये लूट लिए साथ ही आयुष पर फायरिंग कर दी।
पीड़ित सुधीर की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने देर शाम को मामला दर्ज किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि मामला दर्ज होने के साथ ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए गठित तीन टीमों द्वारा छापेमारी की गई। जिसमें एक अभियुक्त कुंज किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिशें दे रहीं हैं।