दिबियापुर। थाना क्षेत्र के गांव सेहुद गेट निवासी रिटायर्ड शिक्षक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमर सिंह ने भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री व उनके साथियों पर पीटने व राइफल तानने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
गांव सेहुद निवासी अमर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी छाया देवी पत्नी डॉ. पवन वर्मा निवासी गोवा गार्डन कल्याणपुर कानपुर का एक प्लॉट गांव सेहुद में गेल बिहार गेट के पास है। इस प्लॉट के आधे हिस्से में मकान बना है, जबकि आधा हिस्सा खाली है। बेटी कहने पर दो नवंबर को वे इसी खाली हिस्से पर निर्माण कार्य करवा रहे थे।
आरोप है कि उसी दिन दोपहर करीब 11 बजे भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री कौशल किशोर, उनके भाई सिद्ध गोपाल और गांव बृढादाना निवासी रामऔतार अज्ञात साथियों के साथ मौके पर आए। आरोपियों ने वहां पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और निर्माण कार्य कर रहे मिस्त्री-मजदूरों को अपमानित कर जबरन भगा दिया।
जब पीड़ित और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके बेटे मानवेंद्र सिंह के साथ लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव और विरोध करने पर आरोपियों ने वृद्ध शिक्षक अमर सिंह पर राइफल तान दी और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित ने अनुसार, मुख्य आरोपी कौशल किशोर के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।