औरैया। थाना सहार क्षेत्र में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या करने के मामले में सत्र अदालत ने आरोपी सास सावित्री देवी और ससुर नत्थू सिंह तोमर की दूसरे जमानत पत्रों को खारिज कर दिया। अदालत ने पत्रावली, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर यह निर्णय सुनाया है।
वादी मुकदमा विमला देवी ने 30 अगस्त 2026 को सहार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने बेटी सोनम की शादी पांच जून 2020 को क्षेत्र के भगवंतपुर निवासी मनोज सिंह के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुरालीजन 13 लाख रुपये व कार की मांग को लेकर विवाहिता को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। 29 अगस्त 2026 को अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने मिलकर सोनम की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। बुधवार को आरोपी की जमानत याचिका पर सुनवाई की गई। दोनों पक्षों दलीलों को सुनने के बाद कोर्ट ने सास और ससुर दोनों की जमानत याचिकाएं निरस्त कर दी हैं।