तैयार हो रहे एकल भवन का गिरा हुआ छज्जा। संवाद
सहायल। सहार ब्लॉक की ग्राम पंचायत ठाकुरगांव में करीब पांच लाख की लागत से बनाए जा रहे डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माणाधीन एकल कक्ष का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया है। यह आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। हादसे के वक्त मौके पर मजदूर नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के तुरंत बाद ठेकेदार ने आनन-फानन में गिरे हुए छज्जे के अवशेषों को कटवा कर हटा दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में तीसरे दर्जे की ईंटों, कम सीमेंट और अत्यधिक डस्ट का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है। मानकों के विपरीत 80 बोरी सीमेंट की जगह महज 30 बोरी सीमेंट लगाई गई है। स्थिति यह है कि लेंटर की शटरिंग खोलने से भी मजदूर डर रहे हैं। कंप्यूटर और किताबों के रखरखाव के लिए बन रहा यह भवन पूरा होने से पहले ही टूटकर गिरने लगा है।
ऐसे में इस डिजिटल लाइब्रेरी में मंशा के अनुरूप युवाओं की सुविधाओं से खिलवाड़ की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कराकर दोषी ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, एडीओ पंचायत प्रवीण कुमार राजपूत ने बताया कि जल्द ही मौके का निरीक्षण किया जाएगा। कमियां मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।