फोटो-10-बंदरो को पकड़ने के लिए लगाया गया जाल। संवाद
औरैया। शहर में नगर पालिका ने लोगों को बंदरों के उत्पात से निजात दिलाने के लिए दोबारा पहल प्रारंभ की है। इसके तहत बुधवार को मथुरा से आई टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर अभियान चलाया। इसमें 50 से अधिक बंदर पकड़े।
दिबियापुर रोड स्थित शहीद पार्क में इन दिनों लोग बंदरों से परेशान हैं। कई लोगों ने शिकायत की है कि बंदर झपट्टा मारकर सामान भी छीन लेते हैं। कई लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता से इसकी शिकायत की। इसे लेकर उन्होंने बंदरों को पकड़ने वाली टीम को बुलाने के निर्देश दिए।
बुधवार की सुबह टीम शहीद पार्क पहुंची और अभियान चलाकर 50 से अधिक बंदरों को पकड़ा। इस दौरान पार्क में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।