दिबियापुर। दो टप्पेबाजों ने परिजनों की मौत और दुर्घटना का भय दिखाकर एक महिला से मंगलसूत्र व सोने के अन्य जेवर लूट लिए और फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दिबियापुर क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी उमाशंकर ने सोमवार को थाने में तहरीर दी कि वह गेल पाता के पावर प्लांट में फोरमैन टरबाइन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। 11 मई को वह काम से बाहर गए थे। सुबह साढ़े दस बजे उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी पास में दिबियापुर फफूंद रोड स्थित एक दुकान से समान लेने गई थी।
लौटते समय रास्ते में दो युवक मिले। आरोप है कि टप्पेबाजों ने परिवार के लोगों की मौत का भय दिखाया और बातचीत के दौरान उसके ऊपर कोई नशीला पदार्थ छिड़क दिया जिससे वह अपना सुधबुध खो बैठी। फिर टप्पेबाज मंगलसूत्र, सोने की जंजीर व अंगूठियां लेकर फरार हो गए। थाना प्रभारी शशिभूषण मिश्रा का कहना है कि अभी मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।