अयाना। गांव में शनिवार दोपहर को टप्पेबाज ने सराफा व्यापारी को बातों में उलझाकर लाखों रुपये के जेवर पार कर दिए। शातिर ठग ग्राहक बनकर दुकान में आया और दो लाख मूल्य के जेवर लेकर चंपत हो गया। पुलिस घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है।
बीझलपुर रोड निवासी रामशरण उर्फ कल्लू सोनी ने बताया कि गंभीर बीमारी का ऑपरेशन होने के चलते उन्हें बोलने में परेशानी होती है। शनिवार दोपहर को वह घर के बाहर दुकान पर बैठे थे। उसी दौरान बाइक सवार युवक आया और उसने 200 रुपये का चांदी का ताबीज खरीदा। इसके बाद युवक ने शादी के लिए जेवर दिखाने के लिए कहा। जेवर दिखाने के दौरान युवक ने उन्हें बातों में उलझाकर काउंटर के अंदर रखा अंगूठियों से भरा पाउच उठा लिया। इसके बाद वह बाद में आने की बात कहकर निकल गया।
जानकारी होने पर उसने युवक को रोकने का प्रयास किया लेकिन सही से बोल न पाने के चलते वह शोर नहीं मचा सके। आरोप है कि पाउच में दो लाख कीमत की 20 ग्राम की आठ सोने की अंगूठी। सूचना पर पहुंचीं सीओ अजीतमल सृष्टि सिंह व थानाध्यक्ष अजय कुमार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना संदिग्ध है। फिर भी मामले में छानबीन की जा रही है। पीड़ित की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है।