घटना स्थल पर क्षतिग्रस्त बस व जाम लगाए परीक्षार्थी
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल (औरैया)। ट्रिपल सी की परीक्षा देकर छतरपुर से लौट रहे परीक्षार्थियों से भरी बस चालक को झपकी आने के कारण आगे जा रहे ट्राला से टकरा गई। हादसे में एक परीक्षार्थी की मौत हो गई और परिचालक समेत चार लोग घायल हो गए। मौके पर पुलिस के न पहुंचने पर परीक्षार्थियों ने कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। सीओ अजीतमल ने परीक्षार्थियों को समझाकर जाम खुलवाया। घायलों को सैफई में भर्ती कराया गया है।
मैनपुरी के परीक्षार्थी तीन बसों से ट्रिपल सी की परीक्षा देने मध्य प्रदेश के छतरपुर गए थे। रविवार सुबह छतरपुर से लौटते समय कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अजीतमल कोतवाली अंतर्गत प्रतापपुर के निकट ओवरब्रिज पर बस के चालक को झपकी आ गई। बस आगे जा रहे ट्राला से जा टकराई। बस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार रिषभ (20), दीपक (22), अंशु (26), अंकुर (24) निवासीगण चौबेपुर थाना सैफई जिला इटावा तथा बस परिचालक गंभीर (45) निवासी अहमदपुर थाना करहल जिला मैनपुरी को घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए भेजा लेकिन अंकुर की मृत्यु हो गई।
सूचना के बाद भी पुलिस के मौके पर न पहुंचने पर परीक्षार्थियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे सीओ अजीतमल प्रताप कुमार ने किसी तरह उन्हें समझाया। आधे घंटे तक जाम लगा रहा। दुर्घटनाग्रस्त बस को कोतवाली में खड़ा कराया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। सैफई अस्पताल में परिचालक ने बताया कि चालक को नींद आ रही थी।