औरैया। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में हुई बारिश के बाद भी जिले में कई स्थानों पर गेहूं की कटाई अभी तक शेष है।
ऐसे में चार बार हो चुकी बारिश का असर इन गेहूं के गट्ठरों पर देखने को मिल रहा है। बृहस्पतिवार को भी हुई बारिश में गट्ठर भीग गए। ऐसे में गेहूं बेरंग हो जाएगा।
जनपद में बारिश का सिलसिला पिछले एक सप्ताह से जारी है। हल्की बारिश के साथ जिले में चार बार गेहूं की फसल इसकी चपेट में आई है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में आंधी के साथ हुई बारिश ने गेहूं की फसल पर काफी हद तक नुकसान पहुंचाया था। कुछ दिन मौसम साफ रहने पर किसानों ने हार्वेस्टर के जरिए तेजी से फसल कटाई कराई लेकिन थ्रेसर की कटाई के लिए इंतजार करते रहे कुछ किसानों की फसलों पर बारिश का कहर अभी भी जारी है।
बृहस्पतिवार को हुई बारिश के बाद एक बार फिर से खेतों में पड़े गेहूं के गट्ठर भीग गए। शुक्रवार को भी हल्की बूंदाबांदी हुई। ऐसे में कटाई के लिए शेष बचे बिधूना, कंचौसी व बेला क्षेत्र के चुनिंदा किसानों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। किसान अवधेश कुमार, कमलेश सिंह, शिवकुमार, अजीत सिंह ने बताया कि जब फसल सूखती है तब बारिश शुरू हो जाती है। शुरुआत में हार्वेस्टर से कटाई हो जाती तो नुकसान से बच जाते। अब गेहूं के दाने का रंग खराब हो जाएगा।