फोटो-24-रेलवे ट्रैक पर फंसे वाहनों को निकलवाता पुलिस कर्मी।संवाद
अछल्दा। कस्बे की रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार दोपहर ट्रेनों के लगातार आवागमन से 30 मिनट तक फाटक बंद रहा। इससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली-हावड़ा रूट की अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार अपराह्न लगभग चार बजकर 15 मिनट पर फाटक बंद किया गया। इसके बाद लगातार ट्रेनों के आवागमन से देर तक गेट नहीं खोला गया। इससे अछल्दा-फफूंद व बिधूना मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
लगभग 30 मिनट बाद 04:45 बजे फाटक खोला गया। इस पर बड़े वाहनों के आगे बाइकों का काफिला निकल पड़ा। इससे बड़े वाहनों को निकालने में चालकों को मशक्कत करनी पड़ी।
जाम से राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद थाना पुलिस व आरपीएफ कांस्टेबल ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। (संवाद)