धरना प्रदर्शन को संबोधित करते जिलाध्यक्ष बौद्धप्रिय गौतम।
- फोटो : amar ujala
जिला मुख्यालय पर मंगलवार को ईवीएम के विरोध में बहुजन समाज पार्टी के बैनर तले धरना प्रदर्शन किया गया। इसमें बसपाइयों ने नारेबाजी कर ईवीएम के बजाए प्रपत्रों से मतदान कराए जाने की अपील की। बसपा नेताओं ने डीएम को ज्ञापन भी सौंपा और शीघ्र मांग पूरी कराए जाने की अपील की। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष बौद्धप्रिय गौतम ने कहा कि ईवीएम के इस्तेमाल से लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। ईवीएम के साथ छेड़छाड़ करके सत्ता में काबिज दल जनता को छलने का काम कर रहे हैं।
इस विधान सभा चुनाव में कई जिलों में ईवीएम के साथ छेड़छाड़ किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच होनी चाहिए और मामला सही पाने पर विधान सभा चुनाव दोबारा कराया जाना चाहिए। कहा कि ईवीएम से मतदाता वोट किसी और को देना चाहता है लेकिन वोट किसी ओर को पड़ रहा है। कहा कि प्रपत्रों से सही मतदान होता है और मतगणना के दौरान सही गिनती भी देखने को मिलती है। जनता और देश के हित में प्रपत्रों से मतदान का होना बहुत जरूरी है। इस धरना प्रदर्शन को पूर्व मंत्री रामजी शुक्ला, संघप्रिय गौतम, मशीद कादरी, सर्वेश गौतम, रामकुमार अवस्थी, शिव प्रसाद यादव, भीमराव अंबेडकर, राजू कुशवाहा, संजू कुशवाहा आदि ने संबोधित किया।