फफूंद (औरया)। बीती रात गांव के पास सड़क पर टहल रहे जीजा को गोली मारने के आरोपी साले को पुलिस ने 24 घंटे में बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधर, घायल जीजा देवेंद्र को चिचौली मेडिकल कॉलेज से कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गुरुवार को वहां पर उसके कंधे का ऑपरेशन कर गोली निकाली जाएगी। आरोपी साला तीन साल पहले उसकी बहन से प्रेम विवाह करने से खुन्नस में था।
फफूंद थाना क्षेत्र के गांव अटा की मड़ैया निवासी देवेंद्र (30) पुत्र विजय नारायन बाइक मिस्त्री हैं। मंगलवार की रात को वह घर में खाना करने के बाद गांव में स्थित जितेंद्र की दुकान से सामान लेने गया था। इसके बाद वहीं सड़क पर टहलने लगा।
तभी गांव तुर्कीपुर निवासी उसके साले दीपक दोहरे ने उसे रोक लिया। उसने गाली-गलौज करते हुए तमंचे से देवेंद्र पर फायर कर दिया। गोली देवेंद्र के दाएं कंधे पर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली मारने के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
इधर, गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग व परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल भी फोर्स के साथ पहुंचे और घायल को चिचौली स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए। बाद में डॉक्टर ने देवेंद्र को कानपुर स्थित हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
देवेंद्र के भाई अवनेंद्र कुमार ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि देवेंद्र ने तीन साल पहले दीपक की बहन काजल से प्रेम विवाह किया था। इससे दीपक नाराज था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी दीपक कुमार की गिरफ्तारी को लेकर रातभर दबिश दी।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे थाना पुलिस ने अटा तुर्कीपुर पुलिया के पास से दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा दो कारतूस, एक खोखा बरामद किया है।
इसे लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है।