बूंदाबांदी के दौरान सड़क पर सन्नाटा।
- फोटो : बूंदाबांदी के दौरान सड़क पर सन्नाटा।
औरैया। भीषण गर्मी और नौतपा के बीच मौसम का मिजाज बदल रहा है। सोमवार को सुबह चटख धूप से लोग परेशान हुए। वहीं, दोपहर को अचानक आसमान में काले बादल उमड़ आए और आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई।
हालांकि शाम को धूप निकलने से उमस बढ़ गई। पिछले तीन दिन से मौसम लगातार बदल रहा है। शनिवार को जहां रात में कुछ इलाकों में हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम अच्छा हो गया था, लेकिन रविवार की सुबह फिर तेज धूप व गर्मी से लोग बिलबिला उठे।
हालांकि शाम को बादल घिर आए और तेज हवा के साथ कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के बाद करीब एक मिलीमीटर बारिश हुई। इसी तरह सोमवार की सुबह भी चटख धूप व भीषण गर्मी के साथ हुई। दोपहर बाद करीब तीन बजे अचानक आसमान में काले बादल चारों तरफ से घिर आए।
कुछ देर के लिए तेज हवा व बारिश के बाद आसमान साफ हो गया। इससे गर्मी से जूझ रहे लोगों को शाम के समय कुछ राहत जरूर मिल गई, लेकिन कुछ ही देर में धूप फिर से निकल आई।
मौसम विज्ञान डॉ. रामपलट के अनुसार मौसम में अब उतार-चढ़ाव रहेगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में 14 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। नमी 62 प्रतिशत रही। एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अगले दिन तीन दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा।