फोटो-36-मारपीट में घायल युवक। स्रोत: कर्मचारी
अछल्दा (औरैया)। थाना क्षेत्र के गांव वीरपुर में रविवार रात डीजे की धुन पर थिरकने को लेकर वर-वधू पक्ष में मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षाें में ईंट पत्थर चल गए। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे तत्काल सीएचसी ले जाया गया।
मध्यप्रदेश स्थित जनपद मुरैना के गांव पल्ला गांव से एक बरात गांव वीरपुर आई थी। द्वाराचार और अन्य रस्मों के बीच डीजे पर डांस को लेकर कुछ बरातियों और स्थानीय युवकों में कहासुनी हो गई। वहां मौजूद लोगों के अनुसार मामूली बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। लात-घूंसों के बाद ईंट-पत्थर चल गए, इससे शादी समारोह में भगदड़ मच गई।
हंगामे के दौरान बरात की बस पर भी पत्थर लगे, जिससे उसका शीशा टूट गया। मारपीट के दौरान गांव बीरपुर निवासी अंकित चौहान (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेश चंद्र फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए भेजा। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि डीजे पर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।