फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Auraiya News: वाह री पुलिस...साक्ष्य न ठोस पैरवी, 14 साल पुराने मामले में तीन बरी

विज्ञापन
विज्ञापन
अदालत से...
विज्ञापन

स्वतंत्र गवाह नहीं, बैलिस्टिक रिपोर्ट भी गायब, पुलिस मुठभेड़ की कहानी पर अदालत ने जताया संदेह
साक्ष्य साबित करने में नाकाम रहा अभियोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। आपराधिक मामलों में पुलिस की लचर कार्यशैली जगजाहिर है। नतीजतन इसका लाभ अपराध जगत के काले चेहरों को मिल जाता है। ऐसे ही एक 14 साल पुराने पुलिस मुठभेड़, फायरिंग और अवैध असलहा बरामदगी के मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कैलाश कुमार की अदालत ने तीन आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
सुनवाई के दौरान पुलिस न स्वतंत्र गवाह पेश कर सकी न ही बेहद जरूरी बैलिस्टिक रिपोर्ट। इतना ही नहीं पुलिस मुठभेड़ की कहानी पर भी अदालत ने संदेह जताया। बुधवार को सुनाए गए फैसले में सुमेश उर्फ लउआ, राहुल और शैलेंद्र को राहत मिली। अदालत ने तीनों को सात दिन के भीतर 20-20 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही धनराशि का जमानतगीर दाखिल करने का आदेश दिया है।
विज्ञापन

11 जुलाई 2012 की सुबह तत्कालीन दिबियापुर थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह यादव और एसओजी टीम को फफूंद चौराहा पर सूचना मिली थी कि रेलवे पावर हाउस के पास बिना नंबर की सफेद जाइलो कार में कुछ लोग अवैध असलहे और मादक पदार्थ के साथ मौजूद हैं। पुलिस का दावा था कि घेराबंदी के दौरान चार लोगों ने टीम पर तमंचे से फायरिंग की।
जवाबी फायरिंग में पुलिस ने मौके से सुमेश उर्फ लउआ और राहुल को तमंचे, कारतूस व हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था, जबकि शैलेंद्र और रोहित फरार हो गए थे। बाद में आरोपपत्र दाखिल किए गए। सह आरोपी रोहित की मौत के चलते उसके खिलाफ मामला खत्म हो गया था। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने पुलिस की कार्रवाई को फर्जी बताते हुए आरोपियों को झूठा फंसाने का तर्क रखा।
साक्ष्यों के परीक्षण में अदालत ने अभियोजन की कहानी में कई खामियां पाईं। पुलिस पार्टी के थाने से रवाना होने की जीडी रिपोर्ट साबित नहीं हो सकी। सार्वजनिक स्थान पर कार्रवाई के बावजूद किसी स्वतंत्र गवाह को शामिल नहीं किया गया। कथित फायरिंग में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ और बरामद असलहों के चालू हालत में होने की बैलिस्टिक रिपोर्ट भी पेश नहीं की गई।
इसके अलावा वादी तत्कालीन थानाध्यक्ष के अधीनस्थ उपनिरीक्षक से ही विवेचना कराए जाने और गवाहों के बयानों में विरोधाभास को भी अदालत ने संज्ञान में लिया। इन कमियों के चलते अभियोजन आरोपों को संदेह से परे साबित नहीं कर सका। अदालत ने तीनों आरोपियों को हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के आरोपों से दोषमुक्त कर दिया।
विज्ञापन


मारपीट के आरोपी को जमानत

औरैया। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट विकास गोस्वामी की अदालत ने मारपीट, धमकी और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के आरोपी आशु तोमर उर्फ विशाल सिंह को जमानत दी। अदालत ने उसे 25 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और इतनी ही धनराशि की एक जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। पुष्पेंद्र ने पुलिस को बताया कि 28 जुलाई 2026 को आशु तोमर ने उसे बाइक से टक्कर मारी थी। गाड़ी चलाने को कहने पर आशु ने जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की। बचाव पक्ष ने आशु को निर्दोष बताया, झूठा फंसाने और रिपोर्ट में देरी का तर्क दिया। अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध किया। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद गुण-दोष पर टिप्पणी किए बिना जमानत मंजूर कर ली। (संवाद)
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें