दिबियापुर। गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस से गिरकर दो यात्रियों की मौत के मामले में पुलिस ने सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव कैंजरी और गपकापुर के बीच डाउन ट्रैक हुई थी।
चौकी इंचार्ज जय सिंह ने बताया कि मृतक के पास मिले मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर परिजन से संपर्क किया गया। देर रात परिजन के दिबियापुर पहुंचने पर उन्होंने मृतक की पहचान शारिक (30) निवासी मान के खेड़ा थाना अमरोहा देहात, जिला अमरोहा के रूप में की। पिता सग्गीर ने बताया कि शारिक टूंडला स्टेशन पर रेलवे में वेल्डिंग का काम करता था। वह काम के सिलसिले में गोरखधाम एक्सप्रेस से आगरा से लखनऊ जा रहा था।
उधर, हादसे के शिकार हुए पहले मृतक की पहचान पंजाब के बठिंडा निवासी मन बहादुर पांडेय (42) के रूप में हुई थी। वह भी इसी ट्रेन से सफर कर रहे थे। प्रभारी थाना निरीक्षक सत्यप्रकाश ने बताया कि शवों को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है। दोनों की ट्रेन में गिरने से मौत हुई थी।