अछल्दा। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर गुरुवार सुबह नेपाल के रहने वाले दो युवकों के शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिले। पुलिस की प्राथमिकी जांच में उनके किसी ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। इस दौरान मौके से दो टूटे मोबाइल फोन मिले। उनसे सिम निकालकर दूसरे फोन पर डालते ही परिजन की कॉल आ गई, जिसके बाद दोनों की पहचान हो गई। पुलिस की सूचना पर परिजन नेपाल से औरैया के लिए रवाना हो गए।
प्रयागराज से टूंडला की ओर जा रही लालगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस के लोको पायलट ने बृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे स्टेशन मास्टर को गांव धारा का पुरवा के पास ट्रैक किनारे दो शव पड़े होने की सूचना दी थी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान एक शव खंभा नंबर 1112/3 और दूसरा खंभा नंबर 1112/10 के पास पड़े मिले। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। इस दौरान दोनों मृतक के टूटे मोबाइल फोन मौके से मिले। छानबीन के बाद पहचान न होने पर शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने टूटे फोन से सिम निकाल कर दूसरे फोन में डाली। सिम डालते ही कॉल आने लगी, जिसके बाद दोनों शव की शिनाख्त हो गई। दोनों की पहचान नेपाल देश के जिला मकवानपुर, पदमपोखरी हेटौंडा निवासी विवेक विश्वकर्मा (29) पुत्र सोमलाल और लक्ष्मण टोड (31) पुत्र तेजबहादुर के रूप में हुई। परिजन ने पुलिस को दी जानकारी के अनुसार, दोनों गुजरात के वापी में मेलों में दुकान लगाते थे।वहीं से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। पुलिस ट्रेन के गिरने से आशंका जता रही है। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि हादसे की जानकारी के बाद परिजन औरैया के लिए रवाना हो गए हैं। परिजन के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक विवेक की फाइल फोटो