औरैया। मैनपुरी स्थित थाना किशनी क्षेत्र के नगला श्याम निवासी वादी गिरीश चंद्र शाक्य ने 21 जुलाई 2026 को थाना एरवाकटरा में तहरीर दी थी। उनके अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी शाव्या की शादी पांच मई 2026 को एरवाकटरा के नगला बैश निवासी सुरजीत शाक्य के साथ की थी। आरोप है कि ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में बाइक की मांग को लेकर शाव्या से मारपीट व उत्पीड़न करते थे। वादी का आरोप था कि 20 जुलाई 2026 की रात पति सुरजीत, सास नारायणी देवी, देवर शिवम, जेठ राहुल और जिठानी रेखा ने मिलकर शाव्या की हत्या कर शव घर के अंदर फंदे से लटका दिया था। बुधवार को सास की जमानत याचिका पर सुनवाई की गई। दोनों पक्षों को सुनने के बाद सत्र न्यायाधीश ने कहा कि अग्रिम जमानत एक असाधारण राहत है, जो केवल अपवादात्मक परिस्थितियों में ही दी जा सकती है। प्रकरण की गंभीरता और चल रही विवेचना को देखते हुए अदालत ने गुण-दोष पर बिना कोई टिप्पणी किए अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया।(संवाद)