औरैया। यूपी बोर्ड परीक्षा को सकुशल एवं नकल विहीन कराने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए जिले के 70 केंद्रों में नजर रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है। 19 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। इस बार शासन के निर्देश के अनुसार संवेदनशील केंद्रों पर ही स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। यहां पांच कंप्यूटर लगाए गए हैं। पिछली बार शासन के निर्देश पर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इस बार शासनादेश के अनुसार सिर्फ संवेदनशील केंद्रों पर ही स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। डीआईओएस हृदय नारायण त्रिपाठी ने बताया कि स्वामी प्रेम शिवानंद इंटर कालेज दिबियापुर, राधा कृष्ण इंटर कालेज कटरामने फफूंद, श्रीमती उर्मिला देवी इंटर कालेज बेलाझार, ठा. लालसिंह जोधा सिंह इंटर कॉलेज चांदपुर गढ़िया, श्री राम मेमोरियल इंटर कालेज नेविलगंज, राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज कुदरकोट, एमएस इंटर कालेज वैवाहा, किसान विद्या पीठ इंटर कालेज दलीलपुर, श्रीविश्राम सिंह इंटर कालेज मुर्चा, एमएस इंटर कालेज उमरैन, गांधी इंटर कालेज एरवाकटरा, सिद्धार्थ इंटर कालेज भटौरा, श्री गोपाल मिश्रा इंटर कालेज कीरतपुर बिधूना, नारायण इंटर कालेज असजना, गायत्री पब्लिक इंटर कालेज असेनी, नेहरू स्मारक इंटर कालेज कैथावा, श्रीराम बिटानी देवी इंटर कालेज मीरपुर धुपकारी, शिव इंटर कालेज टिडुआ याकूबपुर, आदर्श बाल विकास इंटर कालेज पूर्वा तिज्जा को संवेदनशील केंद्रों की सूची में रखा गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक हृदय नारायण त्रिपाठी ने बताया सभी संवेदनशील केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ अतिरिक्त फोर्स भी तैनात की जाएगी। इस बार बोर्ड परीक्षा में किसी भी कीमत पर नकल नहीं होने दी जाएगी।