फफूंद। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। होली की छुट्टी के बाद सोमवार को स्कूल खुले तो प्रवेश पत्र लेने के लिए विद्यार्थियों में होड़ लग गई। जिले के सभी स्कूल, कॉलेजों में बोर्ड सूची से मिलान कराने के बाद प्रवेश पत्र बांटे गए।
हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू हो रही हैं। शिक्षा विभाग ने परीक्षा कराने के लिए जिले में 70 केंद्र बनाए हैं। बुधवार को ही केंद्रों पर प्रवेश पत्र पहुंच गए थे लेकिन होली की छुट्टियां और रविवार का अवकाश होने के कारण सोमवार से प्रवेश पत्रों का वितरण शुरू हुआ। कुछ विद्यार्थियों ने ऑनलाइन भी प्रवेश पत्र निकालवाए हैं।
फफूंद क्षेत्र के श्रीराधा-कृष्ण इंटर कॉलेज, श्री राधा बल्लभ इंटर कॉलेज, श्रीराम शंकर गौरी शंकर इंटर कॉलेज, गुलजारी लाल बालिका इंटर कॉलेज में सुबह से प्रवेश पत्र लेने के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ लगी रही। जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर मालवीय ने बताया कि प्रवेश पत्रों का वितरण कराया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों पर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। जहां पर भी जो खामियां हैं, उन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार से कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा कराई जाएगी।