बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के गांव शामपुर में प्रेम विवाह के विवाद में बुधवार शाम दो पक्षों में विवाद हो गया। करीब 6:15 बजे शुरू हुए विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पहले पक्ष की ओर से जूली ने बताया कि उसके देवर ने गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया है। इस मामले में हाईकोर्ट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय समेत अन्य जगहों पर दोनों के बयान भी हो चुके हैं।
आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर दूसरे पक्ष के लोग घर पर चढ़ आए और हमला कर दिया। हमले में भागवत दयाल (58), शिव कुमार (30) पुत्र श्यामलाल, लकी (18) पुत्र रवि, नीलेश (19) पुत्र गुड्डन और दिनेश (35) पुत्र श्यामलाल घायल हो गए। परिजन का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें भगवत दयाल को गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं दूसरे पक्ष के वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को विपक्षी पक्ष के लोग अपने साथ ले गए हैं और पिछले चार महीनों से उसे परिवार से दूर रखा गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम वह लोग खेत में पानी लगा रहे थे, तभी विपक्षी पक्ष के लोग रास्ते में विवाद करने लगे और बाद में हमला कर दिया। इस मारपीट में वीरेंद्र (45) व कश्मीर सिंह (40), अवधेश कुमार (65) और शिववीर सिंह (35) घायल हो गए।
सूचना मिलते ही बिधूना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है। चिकित्सकों के अनुसार दूसरे पक्ष का कश्मीर सिंह गंभीर रूप से घायल भगवत दयाल रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद हुआ है घायलों को प्राथमिक उपचार किया जा रहा है तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर आगे कार्रवाई की जाएगी पुलिस पूरे मामले की जांच करने में लगी है।